पटना। चंपारण सत्याग्रह के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए राजद अध्यक्ष लालू यादव ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर तीखी टिप्पणी की। बिहार सरकार ने गृह मंत्री को समारोह में आमंत्रित किया था। राजनाथ सिंह ने अंतिम समय में पटना आने का कार्यक्रम रद्द कर दिया। इस मामले में लालू ने राजनाथ से नाराजगी व्यक्त की। लालू ने कहा- “नहीं आना था तो पहले कहते। जब देखा कि लालू आ रहा है तो पटना आने से मना कर दिया। यहां मंच पर नेम प्लेट और कुर्सी लगी थी। उसे बदलना पड़ा। आना है तो आओ नहीं आना है तो मत आओ। क्या फर्क पड़ता है? चुनाव में तो हमने यहां से उन्हें खाली पैर लौटा दिया था। देश में कट्टरता फैलाने वालों को हमने आईना दिखाया था। लालू ने कहा देश में आज गांधी जी के विचारों को धूमिल किया जा रहा है। राम-रहीम में नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है। गांधी जी के हत्यारे गोडसे को मानने वाले लोग आज गांधी जी के विचारों को पीछे छोड़ देना चाहते हैं। कुछ साल पहले ओबामा दिल्ली आए थे। वह क्या कहकर गए कि भारत में रंगभेद है और लोगों को धर्म के आधार पर बांटा जा रहा है। ओबामा अमेरिका जाकर भी बोले थे कि भारत में जिस तरह से धर्म के आधार पर लोग बंटे हैं अगर गांधी जी जिंदा होते तो दुखी होते।”