बाढ़ सिविल कोर्ट में पेशी के लिए ले जाए जा रहे कैदी गुड्डू सिंह की अज्ञात अपराधियों ने बिल्कुल पास से गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना में दो अन्य कैदी भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। कैदियों पर अज्ञात हमलावरों ने उस वक्त फायरिंग की, जब उन्हें कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। गुड्डू सिंह को बिल्कुल पास से सीने में गोली मारी गई है जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए हैं। मृतक कैदी गुड्डू सिंह कुख्यात और पेशेवर अपराधी था और हत्या, अपहरण, रंगदारी के कई मामलों का आरोपी था। मृतक कैदी जेल में ही रहकर कई घटनाओं का संचालन करता रहा था और जेल से ही उसने तीन हत्याएं करवाईं थीं। वह मरांची के जलालपुर का रहने वाला था। बाढ़ कोर्ट के एपीपी इंचार्ज रहमान ने बताया कि एक कुख्यात कैदी जिसका नाम गुड्डू सिंह है उसे पेशी के लिए पुलिस कांस्टेबल लेकर जा रहे थे कि अचानक हमलावरों ने गोली चलाई जिससे कांस्टेबल डर गए और बाद में देखा तो गोली गुड्डू सिंह के सीने के पार कर गई थी और उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना में दो और कैदी घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद कोर्ट कैंपस में अफरा-तफरी मच गई । रहमान ने कहा कि ये घटना आपसी रंजिश की वजह से हुई है, लेकिन कोर्ट परिसर में एेसी घटना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े प्रश्नचिन्ह खड़े करती है। इससे पहले भी एेसी घटना इस कोर्ट परिसर में हो चुकी है। बता दें कि बाढ़ कोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेवारी तीन सुरक्षाकर्मियों के भरोसे है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी और ग्रामीण एसपी घटनास्थल पहुंचे और मामले की तहकीकात की है।