फैंस को एंटरटेन करने की बात पर बॉलीवुड में अनिल कपूर का नाम ही सबसे पहले दिमाग में आता है। अनिल कपूर ने एक बार फिर इस बात को सही साबित कर दिया। इन दिनों अनिल कपूर अपनी आने वाली फिल्म फन्ने खां के प्रमोशन में लगे हुए हैं। इस दौरान अनिल कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, इसमें अनिल अपना सिग्नेचर डांस स्टेप करते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म राम-लगन का ये सिग्नेचर स्टेप अनिल अकेले नहीं कर रहे हैं, बल्कि उनके साथ उनके को-स्टार राजकुमार राव भी नजर आ रहे हैं। फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। अनिल और राजकुमार राव के इस डांस को काफी पसंद किया जा रहा है। अनलि कपूर ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि वे अपने सिनेमा के इन 35 सालों में कभी भी स्टारडम के पीछे नहीं भागे। 61 साल के अनिल कपूर ने 1983 में बॉलीवुड में फिल्म वो सात दिन से एंट्री मारी थी। अनिल ने कहा कि उन्होंने कभी हीरो बनाने का सपना नहीं देखा, बल्कि वो हमेशा से परफॉर्ममर की तरह ही अपनी पहचान बनाना चाहते थे। बता दें कि अनिल कपूर की फिल्म फन्ने खां 3 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। फिल्म का सामना ऋषि कपूर की मुल्क से होना है। फिल्म में अनिल के साथ राजकुमार राव और ऐश्वर्या राय बच्चन भी नजर आने वाली हैं। अनिल कपूर और ऐश्वर्या काफी लंबे समय बात पर्दे पर साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में अनिल एक टैक्सी ड्राइवर की भूमिका में नजर आएंगे, जो अपनी बेटी के सपनों को पूरा करना चाहता है। फिल्म के गानों और ट्रेलर को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अब देखना ये है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल कर पाती है।