आरा.रविवार की रात आरा शहर के रिलांयस ट्रेड नामक प्रतिष्ठान के समक्ष मुजफ्फरपुर में पदस्थापित होमगार्ड के डीएसपी और कर्मियों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान बात बढ़ने से हंगामा हो गया। डीएसपी और कर्मियों के बीच काफी देर नोकझोंक होता रहा। हाथापाई भी हुई। सरेराह इस वाकया से वहां मजमा लग गया। सूचना मिलने के बाद शहर के नवादा थाने की पुलिस वहां पहुंच गई।
पुलिस के समक्ष कर्मियों ने डीएसपी पर शराब पीने का आरोप लगाया। इसके बाद डीएसपी को पुलिस कस्टडी में मेडिकल टेस्ट के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर में पदस्थापित होमगार्ड के डीएसपी हरेंद्र सिंह का आरा में रमना मैदान रोड में निवास है। रात करीब आठ बजे हरेंद्र चारपहिया वाहन से करमन टोला तरफ जा रहे थे। रास्ते में रिलायंस ट्रेंड के समक्ष एक बाइक खड़ी थी। इससे चारपहिया वाहन को आगे बढ़ने में परेशानी होने लगी। इससे हरेंद्र वाहन से उतर गए और बाइक हटाने के लिए कहने लगे।
इस क्रम में रिलायंस ट्रेंड के कर्मियों से नोकझोंक होने लगी। बाद में पुलिस वहां पुलिस पहुंच गई। इस बीच, आरा सदर के एसडीपीओ संजय कुमार ने बताया कि होमगार्ड के डीएसपी का गाड़ी साइड करने पर विवाद हुआ। डीएसपी पर शराब पीने का आरोप है। सदर अस्पताल में शराब के मेडिकल टेस्ट के लिए ले जाया जा रहा है। एफआईआर होगी। उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है।