वॉशिंगटन। नासा के वैज्ञानिकों ने 3डी प्रिंटेड फैब्रिक (धातु का बना वस्त्र) विकसित किया है। बताया जा रहा है कि इसका इस्तेमाल अंतरिक्ष यात्रियों के स्पेससूट या अंतरिक्षयान के लिए कवच के तौर पर किया जा सकता है। इस फैब्रिक को मोड़ा जा सकता है और इसे तेजी से किसी भी आकार में बदला जा सकता है।
इस वस्त्र का उपयोग बड़े ऐंटीना और अन्य उपकरणों के लिए भी हो सकता है। इस फैब्रिक की तस्वीर नासा ने अपने ट्विटर एकाउंट पर भी जारी की है। इसका एक और संभावित इस्तेमाल बृहस्पति के बर्फीले चंद्रमा यूरोपा जैसी जगहों पर हो सकता है, जहां ये वस्त्र अंतरिक्षयान को इंसुलेट करने में उपयोगी हो सकता है।
बताया जा रहा है कि इसे असमान्य सतह के ऊपर भी डाला जा सकता है, जिससे इसके नीचे की बर्फ को पिघलने से भी रोका जा सकता है। यह प्रोटोटाइप एक चेन मेल की तरह है, जिसमें छोटे-छोटे सिल्वर चौखाने एक साथ जुडे़ हुए हैं।
इस फैब्रिक को हाथ से नहीं सिला गया है। इसके बजाय इसे एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग नाम की टेक्निक के जरिये बनाया गया है, जिसे 3डी प्रिंटिंग भी कहा जाता है। नासा के जेट प्रपल्शन लैबोरेटरी के एंड्रयू शापिरो-शारलोट्टा ने कहा कि अंतरिक्षयान के निर्माण का निर्माण जटिल और महंगा हो सकता है।
नासा के रॉल पोलित केसीलास ने बताया कि हम इसे 4डी प्रिंटिंग कह सकते हैं, क्योंकि हम ज्यमिति और इन वस्तुओं के कामकाज, दोनों को प्रिंट कर सकते हैं।