उत्तर बिहार में बुधवार की रात आंधी ने भारी तबाही मचाई। बिस्फी के भौजपंडोल पंचायत के सलेमपुर गांव में तार के पेड़ गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। गुरुवार तड़के ओलावृष्टि के साथ तेज बारिश भी हुई। इससे गेहूं अरहर की फसल को काफी नुकसान हुआ। बारिश से कई मोहल्ले में पानी भर गया। दरभंगा में गुरुवार सुबह चार बजे से ही तेज बारिश शुरू हुई जो दोपहर के 12 बजे जाकर रुकी। बारिश के कारण शहर में लगभग पूरे दिन बिजली बाधित रही। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दरभंगा का अधिकतम तापमान 33 डिग्री न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। समस्तीपुर पूसा मौसम वैज्ञानिक सत्तार ने बताया कि शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। लेकिन, शनिवार रविवार को बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि किसानों को बारिश से मूंग उड़द की फसल को लाभ पहुंचेगा। वहीं, बारिश से सब्जियों को लाभ पहुंचेगा।
समस्तीपुर में गुरुवार की अलस्सुबह 4 बजे के बाद एकाएक ओले के साथ तेज बारिश से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा। खासकर खेतों में लगी काटकर रखी हुई गेहूं की फसल को लेकर किसानों की चिंता काफी बढ़ गई है। तेज हवा से कई जगहों पर बिजली के खंभे तार बुरी तरह प्रभावित हुए। इससे विद्युत की सप्लाई भी बंद है। मधुबनी के बिस्फी में तेज आंधी से तार का पेड़ घर पर गिर गया। इसमें गणेश पासवान (65) की मौत हो गई।
