बिहार में बुधवार की दोपहर अचानक मौसम बदल गया। पहले से जहां तेज धूप और गर्मी थी, अचानक आंधी चलने लगी। दिन में ही रात जैसा नजारा दिखने लगा। कुछ ही देर में बारिश भी शुरू हो गई। कई जगहों से पेड़ गिरने की खबर है। जान-माल के नुकसान की खबर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार के पटना, मधुबनी, छपरा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, नालंदा और सीतामढ़ी में 60 से 70 के रफ्तार से हवा बही। तेज धूलभरी आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गये। कच्चे घरों के छप्पर उड़ गये। दिन में ही वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। अचानक हुए मौसम में बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली लेकिन काफी परेशानी का भी सामना करना पड़ा। तेज आंधी के कारण बिजली काट दी गई। लोग जहां हैं, वहीं रूके रहे। दिन में ही रात का नजारा बन गया। आसमान काले बादलों से ढ़क गया। सड़क पर रफ्तार थम गई।