पटना। मानसून ने सूबे में दस्तक दे दी है, मगर पटना के लोगों को अभी दो दिन और इंतजार करना होगा। रविवार से यहां मानसून की बारिश होने की उम्मीद है।
शुक्रवार को पूर्वी बिहार के सुपौल, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा और भागलपुर में मानसून की झमाझम बारिश हुई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शुभेंदु सेनगुप्ता ने कहा कि सूबे में मानसून का प्रवेश हो गया है। सामान्यत: सूबे में 14 जून को मानसून आता है, लेकिन इस वर्ष दो दिन देरी से इसका आगमन हुआ है। तीन से चार दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी।
1000 मिमी बारिश की उम्मीद
मानसून के दौरान प्रदेश में एक हजार मिलीमीटर बारिश होने की उम्मीद है। बिहार में मध्य जून से तीस सितम्बर तक मानसून की बारिश होती है। मानसून की बारिश पर ही सूबे की कृषि निर्भर करती है।
उमस ने दिनभर किया परेशान
मानसून का इंतजार कर रही राजधानी शुक्रवार को दिनभर उमस से परेशान रही। राजधानी का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहर के वातावरण में 72 फीसदी नमी रही। गया का तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर में 36.5 डिग्री सेल्सियस एवं पूर्णिया में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
आज छाए रहेंगे बादल
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को राजधानी के आकाश में बादल छाए रहेंगे। राजधानी एवं आसपास के इलाके में रविवार को बारिश हो सकती है। इसके बाद लोगों को उमस से राहत मिलने की संभावना है।