राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने राजद की ‘भाजपा भगाओ, देश बचाओ’ रैली को विफल करार दिया है। वहीं राजद, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने रैली को अभूतपूर्व रूप से सफल बताते हुए इसके लिए राज्य की जनता के प्रति आभार जताया है।
हताश नेताओं की भीड़ : वशिष्ठ
एनडीए के सहयोगी जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने रैली के औचित्य पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि रैली में मंच पर मौजूद हताश लोगों की भीड़ थी। राज्य की जनता ने रैली को नकार दिया। जब राज्य की जनता बाढ़ से पीडि़त है ऐसे में रैली करके कुछ हताश लोग क्या साबित करना चाहते हैं? पार्टी के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि लालू की रैली फ्लॉप शो बनकर रह गई। जनता ने रैली को नकार दिया। पार्टी के प्रवक्ता डॉ.अजय आलोक ने कहा कि राजद का नाम रंगीला जनता दल कर लेना चाहिए। चौबीस घंटे से चल रही राजद की नौटंकी का समापन फ्लॉप शो के रूप में हो गया।
परिवार को बचाने के लिए लालू की रैली : उपेंद्र कुशवाहा
रालोसपा अध्यक्ष व केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि राजद ने अपनी रैली में भीड़ तो जुटा ली, लेकिन नेताओं के भाषण में ओज नहीं दिखा। उनमें आत्मबल का घोर अभाव था। यह रैली देश के निर्माण के लिए नहीं बल्कि लालू परिवार को बचाने और बनाने की कवायद भर थी। बेहतर होता कि राजद के मंच पर जुटे नेता अपने भाषण में देश और बिहार के निर्माण की बात रखते।
रैली का यह समय नहीं था : वृषिण पटेल
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वृषिण पटेल ने कहा कि जब बिहार की जनता बाढ़ की त्रासदी झेल रही है। ऐसे वक्त में रैली का आयोजन मौजूं नहीं था। यह संवेदनहीनता की हद है कि बाढ़ पीडि़तों की मदद देने की बजाय हताश लोग रैली कर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं।
ऐतिहासिक रही रैली : अशोक चौधरी
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि राज्य की जनता ने जनादेश का अपमान करने वाले नेताओं को रैली के जरिये सबक सिखाने का संदेश दिया है। रैली की सफलता ने बताया दिया है कि देश और समाज में जहर फैलाने वाली सांप्रदायिक शक्तियों को सत्ता से जाने का काउंट डाउन शुरू हो गया है।
रैली से सबक ले भाजपा : भाकपा
भाकपा के राज्य सचिव सत्य नारायण सिंह ने कहा कि आज की रैली से भाजपा और आरएसएस को सबक मिलेगा। जनादेश को अपमान करने वाले नेताओं को भी जनता ने बताने का काम किया है कि उसके दिन अब नहीं बहुरेंगे।
जनता ने रैली को बनाया सफल : सपा
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि राज्य की जनता ने रैली को सफल और ऐतिहासिक बनाने का काम किया। इसके लिए जनता को आभार और धन्यवाद देता हूं।
रैली में दिखा विश्वासघात के खिलाफ है जनता : भाकपा माले
भाकपा माले के राज्य सचिव कुणाल ने रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनादेश के साथ धोखे देने वाले नीतीश कुमार के साथ भाजपा ने मिलकर सत्ता का अपहरण किया है। उससे नाराज जनता का आक्रोश रैली में खूब दिखा। सामंती-सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ रैली में एक मंच से विपक्ष की एकजुटता देखने लायक थी।