बेखौफ अपराधियों ने हाजीपुर से सीवान जिले के थानाध्यक्ष के बेटे का अपहरण कर लिया है। नगर थाना क्षेत्र के सीता चौक के पास से 27 अगस्त को सुबह 5 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक थानाध्यक्ष का बेटा गौरव शहर के प्रतिष्ठित प्राइवेट स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ता था। थानाध्यक्ष संजीव कुमार निराला फिलहाल रघुनाथपुर थाना में पदस्थापित हैं। पुलिस ने अपहरण की प्राथिमिकी दर्ज कर उसकी छानबीन शुरू कर दी है। 14 वर्षीय गौरव का 36 घंटे से कोई पता नहीं है। घटना के दिन 11 बजे सुबह तक बेटे की कोई खोज खबर नहीं मिली तो परिजनों ने आस-पड़ोस और गौरव के दोस्तों और रिश्तेदारों से इस संबंध में जानकारी लेनी शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने इस संबंध में स्कूल प्रशासन से भी जानकारी ली। स्कूल प्रबंधन ने बताया की गौरव एक दम सामान्य दिनों की तरह स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। घर में भी किसी चिंता या डांटने की कोई घटना नहीं हुई। बता दें कि अगवा किए गए बच्चे गौरव का 29 अगस्त को जन्मदिन भी है। हाजीपुर एसपी राकेश कुमार ने गौरव की बरामदगी के लिए एसआईटी का गठन किया है। आस पास के जिले की पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही किडनैप बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा। परिजनों का इस घटना के बाद से रो रोकर बुरा हाल है।