नोटबंदी और जीएसटी पर भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा की टिप्पणी को आधार बनाते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर करारा हमला किया है। बुधवार को ट्वीट कर लालू ने कहा कि यशवंत सिन्हा ने सच को सामने लाने की हिम्मत दिखाई है।
लालू के मुताबिक यशवंत की यह बात पूरी तरह सच है कि तेजी से बढ़ रही देश की अर्थव्यवस्था पर नोटबंदी और बाद में जीएसटी ने करारा प्रहार किया है। लालू ने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। साथ ही माहौल भी कारोबारियों-व्यापारियों के खिलाफ है।
यशवंत सिन्हा के लेख में शामिल तथ्यों को आधार बनाते हुए राजद प्रमुख ने नरेंद्र मोदी पर तानाशाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अन्य भाजपा नेताओं की मजबूरी हो गई है कि या तो वह चुप रहें या फिर प्रधानमंत्री की प्रशंसा करें।
लालू ने इसे तानाशाही और फासीवाद का बड़ा उदाहरण करार दिया है। उनके मुताबिक सरकार के सारे मंत्री सिर्फ पीएम के गुणगान में लगे रहते हैं। राजद प्रमुख ने विदेश और वित्त मंत्रालयों में पीएम के दखल का भी मुद्दा उठाया है।
उन्होंने कहा कि यह सही नहीं कि प्रधानमंत्री ही विदेशमंत्री और वित्तमंत्री का भी काम करें। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यशवंत सिन्हा ने अपने लेख में इन सारे मुद्दों का उल्लेख करने की दिलेरी दिखाई है।