2019 के चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा अपने नेताओ की बिहार में परफॉर्मेंस देखेगी और उसके बाद पूरी जानकारी के साथ पार्टी अपना फ्यूचर प्लान तय करेगी।
पटना । मिशन-2019 की तैयारियों में जुटी भाजपा बिहार में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। प्रदेश मुख्यालय में रविवार को प्रस्तावित भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भाजपा कोटे के मंत्रियों की परफॉर्मेंस की समीक्षा सबसे अहम मुद्दा होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।सूत्र बताते हैं कि कोर कमेटी मुख्य रूप से पांच बिंदुओं पर विचार-विमर्श करेगी। कोर कमेटी राज्य में अगले महीने संभावित एक लोकसभा और दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी। बैठक में संगठन को मजबूती प्रदान करने और अगले पखवारे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के चार दिवसीय दौरे की तैयारियों पर पार्टी के दिग्गज मंथन करेंगे।पार्टी नेताओं के बीच उपचुनाव और राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की वजह से कोर कमेटी की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। गुजरात में कांग्रेस से नजदीकी मुकाबले के बाद बिहार में राजद लेकर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अति संवेदनशील है। यहां उसका मुख्य मुकाबला राजद से है, जिसके पास परंपरागत वोट बैंक है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसकी बानगी भी मिल चुकी है।भाजपा के प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद के जेल जाने की स्थिति में उपचुनाव में राजद की सहानुभूति लहर पर सवाल हो सकता है। उपचुनाव वाली दो सीट भी राजद की है।कोर कमेटी की बैठक में उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, गिरिराज सिंह, सांसद डॉ. सीपी ठाकुर, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी, प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ और सह संगठन महामंत्री शिवनारायण महतो मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।