मुरादाबाद, लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा एक बार फिर मुरादाबाद के साथ ही पास के तीनों लोकसभा क्षेत्र अमरोहा, रामपुर व संभल पर दावेदारी मजबूत करने के प्रयास में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र आज शाम को पीतलनगरी मुरादाबाद में भाजपा विजय संकल्प रैली से रामपुर, अमरोहा व संभल को भी साधेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुरादाबाद में आज सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार में मंच शाम चार बजे विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे। मोदी भाजपा के लिए मंडल की चारों सीटों मुरादाबाद, सम्भल, अमरोहा और रामपुर को साधेंगे। इनमें अमरोहा में 18 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होना है। मुरादाबाद, रामपुर व संभल में तीसरे चरण में मतदान 23 अप्रैल को होना है। लोकतंत्र के महापर्व के पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीट सहारनपुर, कैराना, बिजनौर, मुफ्फरनगर, बागपात, मेरठ, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में मतदान हो चुका है। दूसरे चरण 18 अप्रैल को प्रदेश की आठ सीटों-नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर सीकरी में वोटिंग होनी है।
आंबेडकर जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी की यह रैली मुरादाबाद के साथ अमरोहा, संभल व रामपुर लोकसभा सीटों के लिए हो रही है। चारों सीटों पर गठबंधन भाजपा के लिए कड़ी चुनौती बना है। ऐसे में उनके भाषण के केंद्र में राष्ट्रवाद के साथ ही साथ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर भी हो सकते हैं।
रैली के लिए एक लाख की भीड़ जुटाने के लिए संगठन ने ताकत झोंक दी है। यहां क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय सिंह से लेकर जनप्रतिनिधियों ने दिन भर जनसंपर्क किया। कवर्ड पंडाल में होने वाली रैली में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। प्रधानमंत्री का हेलीकाप्टर सर्किट हाउस के पीछे बने अस्थाई हेलीपैड पर उतरेगा। फिर कार से प्रधानमंत्री रैली स्थल पर पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए एसपीजी ने डेरा डाल दिया है। अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन अविनाश चंद्र ने रैली स्थल पर सुरक्षा को परखा और ब्रीफिंग की। रैली स्थल के आसपास के घरों की छतों पर सुरक्षा के मद्देनजर जवान तैनात रहेंगे। पूरे क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है।
चार लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री की रैली के लिए चार लोकसभा सीटों मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर व संभल से एक लाख कार्यकर्ताओं को जुटाया जाएगा। तीस हजार कुर्सियां लगेंगी और बाकी कवर्ड मैदान रहेगा। इस बार अमरोहा से सीख लेते हुए मंच तो पूरा बनेगा लेकिन इस बार सिर्फ 18 लोग साझा करेंगे। इनमें तीनों प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, लोकसभा संयोजक, लोकसभा प्रभारी, विधायकगण, मंत्रीगण शामिल होंगे। यह सूची क्षेत्र को भेजी गई है। इस सूची में नाम बढ़ भी सकते हैं और कम भी हो सकते हैं। रैली की सफलता और लक्ष्य को पूरा करने के लिए जनजागरण अभियान शुरू कर दिया गया है। तीनों ही जिलों के लोकसभा प्रभारी एवं संयोजकों को लक्ष्य दिया गया है। इनके अलावा 70 वार्डों के पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों से भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है।
काफिले के लिए बीस वीआइपी वाहन उपलब्ध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए रोडवेज प्रशासन ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 20 वाहन मंगाकर जिला प्रशासन को सौंपे हैं। यह वाहन प्रधानमंत्री के काफिले के साथ चलेंगे। विजय संकल्प रैली के मद्देनजर मुरादाबाद-दिल्ली रोड पर (गागन तिराहे से लोकोशेड पुल तक) 12 बजे से शाम 7 बजे तक बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। केवल रैली वाले वाहन ही जा सकेंगे।
रैली स्थल का भूमि पूजन
पीएम मोदी के रैली स्थल का कल शाम भाजपाइयों ने भूमि पूजन किया। पंडित आचार्य संतोष प्रसाद सती ने पूजन कराया। इस दौरान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय कुमार ने पदाधिकारियों के साथ रैली स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रकोष्ठ, मोर्चा और अनुषांगिक संगठनों को रैली की सफलता को लेकर जिम्मेदारी सौंपी। रैली स्थल पर सुबह पूजन के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई, महापौर एवं लोकसभा संयोजक विनोद अग्रवाल, पश्चिम क्षेत्र महामंत्री अशोक मोंगा, जिला प्रभारी डीके शर्मा, लोकसभा प्रभारी महेंद्र घनोजिया, जिला अध्यक्ष हरिओम शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, महानगर महामंत्री गिरिश वर्मा, राहुल शर्मा, वीरपाल सिंह समेत पार्षद, विभिन्न प्रकोष्ठ एवं अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।