नई दिल्ली, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि शांति, सद्भाव और भाईचारे के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी प्रासंगिक है। मोदी गांधी जी को श्रद्धांजलि देने उनके समाधि स्थल राजघाट भी गए। इस अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और अन्य गणमान्य भी वहां मौजूद थे।
उन्होंने बाद में ट्वीट किया, “बापू को राजघाट पर दी श्रद्धांजलि। शांति, सद्भाव और भाईचारे के प्रति गांधी जी की प्रतिबद्धता आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने ऐसी दुनिया का सपना देखा था, जहां सबसे गरीब व्यक्ति भी सशक्त हो। उनके आदर्श हमारे मार्गदर्शक हैं।”
उन्होंने कहा, “प्रिय बापू को 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि। हम मानवता के लिए महात्मा गांधी के स्थाई योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं। हम उनके सपनों को साकार करने और बेहतर विश्व बनाने के लिए कड़ी मेहनत जारी रखने का संकल्प लेते हैं।”
राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, “गांधी जयंती पर बापू को श्रद्धांजलि। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती हम सभी के लिए खुद को सच्चाई, अहिंसा, सद्भाव, नैतिकता और सरलता के मूल्यों पर दोबारा समर्पित करने का अवसर है। उनके संदेश सभी के लिए प्रासंगिक हैं और वे आगे भी हमारे मार्गदर्शक बने रहेंगे।”
वेंकैया नायडू ने ट्विटर पर लिखा, “जब हम महात्मा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं, हम गांधीवादी सिद्धांतों को अपने जीवन में आंतरिक रूप से क्रियान्वित कर बदलाव लाने का प्रयास करें।”
सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट किया, “आज महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर इस दिन को अहिंसा दिवस के रूप में भी जाना जाता है। दुनिया को वास्तव में अहिंसा की जरूरत है क्योंकि हिंसा से समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जबकि अहिंसा से समाधान होते हैं।”