खेल डेस्क. भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में बुधवार को विशाखापट्टनम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनर्स रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल क्रीज पर हैं। रोहित पहली बार टेस्ट में ओपनिंग कर रहे। उन्होंने करियर का चौथा शतक लगाया। रोहित ने 10 पारियों के बाद 100+ रन बनाए। उन्होंने पिछला शतक श्रीलंका के खिलाफ 2017 में नागपुर के मैदान पर लगाया था। दूसरी ओर, मयंक ने करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। भारत ने चायकाल तक बिना किसी नुकसान के 202 रन बना लिए।
भारतीय ओपनर्स ने 24 पारियों के बाद शतकीय साझेदारी की। पिछली बार अफगानिस्तान के खिलाफ 2018 में बेंगलुरु में शिखर धवन और मुरली विजय ने शतकीय साझेदारी की थी।
रोहित ओपनर के तौर पर पहली पारी शतक लगाने वाले चौथे भारतीय
बल्लेबाज | स्कोर | किसके खिलाफ | जगह | साल |
शिखर धवन | 187 | ऑस्ट्रेलिया | मोहाली | 2013 |
लोकेश राहुल | 110 | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 2015 |
पृथ्वी शॉ | 134 | वेस्टइंडीज | राजकोट | 2018 |
रोहित शर्मा | 100* | दक्षिण अफ्रीका | विशाखापट्टनम | 2019 |
लंच तक भारत ने 91 रन बनाए थे
पहली पारी में टीम इंडिया ने लंच तक बिना किसी नुकसान के 91 रन बनाए लिए थे। रोहित 52 और मयंक 39 रन बनाकर नाबाद थे।
दक्षिण अफ्रीका एशिया में लगातार 8वें टेस्ट में टॉस हारा
दक्षिण अफ्रीकी टीम एशिया में लगातार 8वें टेस्ट में टॉस जीतने में नाकाम रही।विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में भारत का ये तीसरा मुकाबला और दूसरी टेस्ट सीरीज है। इससे पहले उनसे दो टेस्ट में वेस्टइंडीज को हराया था। टीम इंडिया टेस्ट चैम्पियनशिप की अंक तालिका में पहले स्थान पर है।
विशाखापट्टनम में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने
दोनों टीमें पहली बार विशाखापट्टनम के वाईएसआर एसीए वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम पर आमने-सामने है। इससे पहले विशाखापट्टनम में एकमात्र टेस्ट भारत और इंग्लैंड के बीच 2016 में खेला गया था। टीम इंडिया उस मैच में 246 रन से जीती थी। दोनों टीमों के बीच 2015 के बाद भारतीय मैदान पर कोई टेस्ट खेला जा रहा है। पिछली बार भारतीय टीम ने दिल्ली में 337 रन से जीत दर्ज की थी।
दोनों टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), रोहित शर्मा, मयंंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी।
बेंच पर: कुलदीप यादव, शुभमन गिल, उमेश यादव और ऋषभ पंत।
दक्षिण अफ्रीका : फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), एडेन मार्कराम, डीन एल्गर, थिउनिस डी ब्रुइन, टेम्बा बवुमा, क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), वर्नोन फिलैंडर, सेनुरान मुथुसामी, केशव महाराज, डेन पिएट, कगिसो रबाडा।
बेंच पर: हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), लुंगी एंगिडी, एनरिच नोर्त्जे, जुबैर हम्जा।
कोहली के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 758 रन
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 टेस्ट की 16 पारियों में 758 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 47.37 का रहा। उन्होंने दो शतक और तीन अर्धशतक लगाया। वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1000 रन पूरे करने से 242 रन दूर हैं। अगर कोहली इस मैच में इतने रन बना लेते हैं तो वे दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ 1000+ रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ ने इस उपलब्धि को हासिल किया था।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय
बल्लेबाज | मैच | पारी | रन | औसत | शतक |
सचिन तेंदुलकर | 25 | 45 | 1741 | 42.46 | 7 |
वीरेंद्र सहवाग | 15 | 26 | 1306 | 50.23 | 5 |
राहुल द्रविड़ | 21 | 40 | 1252 | 33.83 | 2 |
वीवीएस लक्ष्मण | 19 | 31 | 976 | 37.53 | 1 |
सौरव गांगुली | 17 | 31 | 947 | 33.82 | 0 |
मो. अजहरुद्दीन | 11 | 20 | 779 | 41.00 | 4 |
विराट कोहली | 9 | 16 | 758 | 47.37 | 2 |