पटना, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पाटलिपुत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राम कृपाल यादव बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सर्वेक्षण के दौरान एक उफनती नदी में गिर गए। उनके करीबी भाजपा नेताओं के अनुसार, यादव को कुछ चोटें आई हैं, मगर फिलहाल वह ठीक हैं।
यह घटना बुधवार की रात पटना के बाढ़ प्रभावित धनरुआ ब्लॉक में घटी। यादव यहां अपने कुछ पार्टी नेताओं के साथ बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिलने पहुंचे थे। उन्हें पुनपुन नदी पार करने के लिए कोई नाव नहीं मिली तो वह एक जुगाड़ से तैयार की गई नाव पर सवार हो गए। यह नाव ट्यूब व बांस के डंडों से तैयार की गई थी, जिसे स्थानीय लोग चचरी कहते हैं।
नदी का किनारा कुछ ही दूर रह गया था। मगर यह नाव वहां पहुंचने से पहले ही डगमगाने लगी और एक तरफ झुक गई, जिससे सांसद समेत इस पर सवार सभी लोग नदी में गिर गए।
यह देखते ही यादव को लेने नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने इन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने सांसद व अन्य लोगों को नदी से बाहर निकाला। अचानक गिरने से हैरान यादव को कुछ सेकंड के लिए बेहोशी छा गई, लेकिन वह जल्द ही ठीक हो गए।
इस घटना से प्रशासन और पुलिस की लापरवाही भी उजागर हुई है। क्योंकि एक सांसद को नाव के अभाव में बिहार की राजधानी में असहाय लोगों तक पहुंचने के लिए यह जोखिम उठाना पड़ा।
पटना के साथ ही बिहार के 15 जिलों में पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई है। बाढ़ ने यहां के लगभग 20 लाख लोगों को बुरी तरह प्रभावित किया है।