खेल डेस्क. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला विशाखापट्टनम में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन गुरुवार को भारतीय ओपनर्स रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल पहली पारी में नाबाद हैं। मयंक ने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया। उनके नाम इससे पहले तीन अर्धशतक हैं। मयंक टेस्ट में शतक लगाने वाले 86वें बल्लेबाज बने। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वे 33वें ओपनर भी हैं। रोहित ने इस दौरान अपने 150 रन भी पूरे कर लिए। मयंक-रोहित ने 80वें ओवर में 300 रन की साझेदारी पूरी की।
रोहित-मयंक के रिकॉर्ड
- रोहित और मयंक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले विकेट के लिए सबसे ज्यादा रन की साझेदारी करने वाले खिलाड़ी बन गए। दोनों ने वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सहवाग-गंभीर ने 2004 में कानपुर में 218 रन की साझेदारी की थी।ॉ
- मयंक और रोहित दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ किसी विकेट के लिए सबसे ज्यादा रन की साझेदारी करने वाले बल्लेबाज बन गए। दोनों ने सहवाग और राहुल द्रविड़ के रिकॉर्ड को तोड़ा। सहवाग-द्रविड़ ने 2007-08 में चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में दूसरे विकेट के लिए 268 रन की साझेदारी की थी।
- भारत के लिए 10वीं बार दोनों ओपनर्स ने एक ही पारी में शतक लगाया। पिछली बार मुरली विजय और शिखर धवन ने अफगानिस्तान के खिलाफ 2018 में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दोनों पारियों में शतक लगाया था।
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9वीं बार किसी टीम के दोनों ओपनर ने एक पारी में शतक लगाया। पिछली बार 2008-09 में ऑस्ट्रेलिया के साइमन कैटचि और फिलिप ह्यूज ने डर्बन में ऐसा किया था।
- रोहित-अग्रवाल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में ओपनिंग विकेट के लिए सबसे ज्यादा रन की साझेदारी करने वाले खिलाड़ी बन गए। दोनों ने गैरी कर्स्टन और एंड्रू ह्यूडन का रिकॉर्ड तोड़। कर्स्टन-ह्यूडसन ने 1996-97 में कोलकाता में 236 रन की साझेदारी की थी।
- भारतीय ओपनर्स ने 24 पारियों के बाद शतकीय साझेदारी की। पिछली बार अफगानिस्तान के खिलाफ 2018 में बेंगलुरु में शिखर धवन और मुरली विजय ने शतकीय साझेदारी की थी।
- रोहित ने करियर का चौथा शतक लगाया। रोहित ने 10 पारियों के बाद 100+ रन बनाए। उन्होंने पिछला शतक श्रीलंका के खिलाफ 2017 में नागपुर के मैदान पर लगाया था।
पहले दिन बारिश के कारण चायकाल के बाद खेल नहीं हुआ था
इससे पहले टेस्ट के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। रोहित और मयंक ने नाबाद 202 रन की साझेदारी की थी। दिन का खेल खत्म होने तक रोहित 115 और मयंक 84 रन बनाकर नाबाद थे। बारिश और खराब रोशनी के कारण चायकाल के बाद खेल नहीं हो सका था।