इस्लामाबाद. ब्रिटिश शाही दंपति प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन 14 से 18 अक्टूबर तक पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। दोनों वहां जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और इससे निपटने में स्थानीय समुदायों के प्रयासों को समझेंगे। शाही दंपति की यह पहली पाकिस्तान यात्रा होगी। इस दौरान वे विभिन्न नेताओं, बच्चों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरणविद, सांस्कृतिक और खेल जगत की विभिन्न हस्तियों से मिलेंगे।
पाकिस्तान स्थित ब्रिटिश दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि ड्यूक और डचेज ऑफ कैम्ब्रिज ने पाकिस्तान के फॉरेन एंड कॉमनवेल्थ ऑफिस के अनुरोध पर वहां जाने का निर्णय लिया है। उनके इस्लामाबाद, लाहौर समेत उत्तरी और पश्चिमी सीमावर्ती पहाड़ी इलाकों का भी दौरा करने की संभावना है।
दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डाला जाएगा
दूतावास ने कहा, “द ड्यूक एंड डचेज’ कार्यक्रम के माध्यम से ब्रिटेन और पाकिस्तान के बीच ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डाला जाएगा। यह कार्यक्रम पाकिस्तान को गतिशील, आकांक्षी और दूरदर्शी राष्ट्र के रूप में प्रदर्शित करेगा।” शाही परिवार के सदस्य यह देखेंगे कि पाकिस्तानी समुदाय किस तरह से तेजी से जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का मुकाबला और उनका किस प्रकार पालन कर रहे हैं।
दंपति पाकिस्तान के सैन्यकर्मियों से भी मिलेंगे
दूतावास ने कहा, “शाही परिवार के लिए यह महत्वपूर्ण क्षेत्र है। वे पाकिस्तान और हमारी दुनिया को प्रभावित करने वाले जलवायु परिवर्तन के मुद्दों और इन चुनौतियों से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं। यह दंपति अतीत और आज की चुनौतियों, अवसरों के बारे में भी जानने का प्रयास करेंगे। वे पाकिस्तान के सैन्यकर्मियों से भी मिलेंगे और यहां के जटिल सुरक्षा प्रयासों को जानेंगे।’’