बिहार के सीवान जिले में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर लगातार दूसरे दिन हमला हुआ है। घटना जिले के जीबीनगर थाना के रौजागौर गांव में घटी। सोमवार की सुबह छापेमारी करने गयी उत्पाद विभाग की टीम पर शराब कारोबारियों ने हमला कर दिया।
इस हमले में एक तरफ जहां इंस्पेक्टर गुंजेश कुमार को गंभीर चोट आयी है वहीं अन्य कई जवान घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शराब कारोबारियों द्वारा दो महिला कांस्टेबल को बंधक बना लिया गया है।बचने के लिए उत्पाद विभाग की टीम के साथ गए जवानों ने गोली चलाई। फायरिंग में एक बच्चे को गोली लगी है। घटना सोमवार की सुबह साढ़े 6 बजे की है। ग्रामीणों ने उत्पाद विभाग के कई जवानों को बंधक बना लिया था।

इधर जिले में लगातार दूसरे दिन पुलिस पर शराब कारोबारियों के हमले की खबर से पुलिस महकमा सकते में हैं। वहीं घटना की सूचना पर जिले के आला अधिकारियों के निर्देश पर घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस पहुंच चुकी है। गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस कड़ा एक्शन लेने के मूड में है।सूचना मिलते ही बंधक बनाए गए उत्पाद विभाग के पुलिस कर्मियों को छुड़ाने के लिए कई थानों की पुलिस पहुंची। काफी देर तक मशक्कत के बाद गांव के लोगों ने बंधक बनाए गए कर्मियों को छोड़ा। जीवी नगर, पचरुखी, गोरेयाकोठी, सरायओपी और बड़हरिया थाना की पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
