प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इनमें महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, दिल्ली और पंजाब शामिल हैं। मोदी ने कहा- देश में करीब 700 जिले हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 7 राज्यों के 60 जिले ही चिंता की वजह हैं। मैं इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सलाह देता हूं कि वे 7 दिन तक जिला और ब्लॉक स्तर पर लोगों से वर्चुअल कॉन्फ्रेंस करें।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों ने संक्रमण रोकने में बेहतर काम किया है, हमें उनसे सीखना है। असरकारी ढंग से लोगों तक संदेश पहुंचाना भी जरूरी है, क्योंकि ज्यादातर संक्रमण के मामले बिना लक्षण वाले हैं। ऐसी स्थिति में अफवाह फैल सकती हैं। लोगों के मन में यह संदेह पैदा हो सकता है कि टेस्टिंग करवाना बुरा है। कुछ लोग इस संक्रमण से होने वाले खतरे को कम आंकने की भूल भी कर सकते हैं।
मोदी बोले कि भारत ने महामारी के इस कठिन समय यह सुनिश्चित किया है कि दुनिया भर में जीवन बचाने वाली दवाएं पहुंच सके। हमें एक राज्य से दूसरे राज्य में आसानी से दवाएं पहुंचाने के लिए साथ मिलकर काम करना होगा।
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों के साथ आठवीं बार बैठक की
देश में 25 मार्च को लॉकडाउन लगने के बाद से प्रधानमंत्री की यह अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ आठवीं बैठक थी। इस दौरान कोरोना के हालात पर चर्चा हुई। यह मीटिंग अनलॉक-4 के खत्म होने के 7 दिन पहले की गई। देश में बुधवार तक कोरोना के 56 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। वहीं, 90 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
देश के 63% मरीज इन 7 राज्यों में हैं
राज्य | केस | मौतें |
महाराष्ट्र | 12.42 लाख | 33,407 |
आंध्रप्रदेश | 6.39 लाख | 5,461 |
कर्नाटक | 5.33 लाख | 8,228 |
तमिलनाडु | 5.52 लाख | 8,947 |
दिल्ली | 2.43 लाख | 5,051 |
पंजाब | 1.01 लाख | 2,926 |
पिछली 7 मीटिंग कब-कब हुईं, तब क्या स्थिति थी?
मीटिंग की तारीख | क्या चर्चा हुई | कोरोना के केस | कोरोना से मौतें |
20 मार्च | मोदी ने सोशल डिस्टेंसिंग और 22 मार्च के जनता कर्फ्यू पर फोकस किया। | 249 | 5 |
2 अप्रैल | 9 मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा हुई। मोदी ने कहा- लॉकडाउन के बाद धीरे-धीरे छूट देना ही बेहतर होगा। | 2,543 | 72 |
11 अप्रैल | लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने पर सहमति बनी। मीटिंग में शामिल 10 मुख्यमंत्रियों ने समर्थन किया। | 8,446 | 288 |
27 अप्रैल | हॉटस्पॉट के बाहर 4 मई को लॉकडाउन खोलने पर सहमति बनी। पांच राज्य 3 मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ाने के फेवर में थे। | 29,451 | 939 |
11 मई | मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा- 15 मई तक बताएं कि अपने राज्य में कैसा लॉकडाउन चाहते हैं। | 70,768 | 2,294 |
16-17 जून | प्रधानमंत्री ने कोरोना से बचाव के तरीकों, लॉकडाउन के असर, अनलॉक-1, इकोनॉमी और रिफॉर्म्स की बात की। | 3,67,263 | 12,262 |
18 अगस्त | मोदी ने कहा कि 72 घंटे के फॉर्मूले पर बात की। उन्होंने कहा कि 72 घंटे में संक्रमित व्यक्ति के आस-पास वालों की भी टेस्टिंग हो जानी चाहिए। | 2766627 | 53015 |