बिहार के आरा में रविवार को दिनदहाडे़ युवा जदयू के राष्ट्रीय सचिव सहित दो लोगों को गोली मार दी गयी। इसमें राष्ट्रीय सचिव प्रिंस सिंह बजरंगी की स्थिति गंभीर बनी है। जबकि जदयू कार्यकर्ता मिथुन कुमार की मौत हो गयी। मिथुन कुमार जमीन के कारोबार से भी जुड़ा था। वहीं गंभीर रूप से जख्मी राष्ट्रीय सचिव को पटना रेफर कर दिया गया है।
वारदात नवादा थाना क्षेत्र के जगदेवनगर की है। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी आराम से निकल गये। जदयू नेता प्रिंस सिंह बजरंगी जगदेवगर और मिथुन कुमार विष्णु नगर के रहने वाले हैं। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
वहीं वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दस खोखे बरामद किये हैं। पुलिस मामले की तफ्तीश और अपराधियों की धरपकड़ में जुटी है। पुलिस के वरीय अफसर और जदयू जिला अध्यक्ष सहित अन्य नेता भी अस्पताल पहुंच गये हैं।