मुजफ्फरपुर में जमीन जोतने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। घटना कटरा थाना क्षेत्र के तेहवारा की है, जहां सोमवार को मंदिर की जमीन जोतने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ।
विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष से बदमाशों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। दूसरे पक्ष की ओर से दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने डीएमसीएच रेफर कर दिया। घायलों की पहचान स्थानीय सुमित और नागेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। सुमित की हालत गंंभीर है।
ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद गांव में दहशत का माहौल है। दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से खोखे और कारतूस भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गोली चलाने वालों की तलाश की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।