सूर्य के महापर्व छठ पर भगवान भास्कर का दर्शन कुछ देर से होगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे ठंड भी बढ़ जाएगी। अगले दो दिनों को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि पटना में कोहरा के साथ ठंड बढ़ेगी। झारखंड से सटे बिहार के जिलों में बूंदाबादी हो सकती है। इस कारण से तापमान में भी गिरावट आएगी, जिसका बड़ा असर 21 नवंबर के बाद देखने को मिलेगा।
दो दिनों तक ठंड को लेकर रहें सावधान
आने वाले दो दिनों में मौसम का मिजाज सताने वाला होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार और शनिवार को सुबह थोड़ी ठंड महसूस होगी। आसमान में बादल छाए होने की वजह से सूर्य का दर्शन भी देर से होगा। गुरुवार की सुबह से ही परिवर्तन देखने को मिल रहा है। शुक्रवार और शनिवार को अन्य दिनों की अपेक्षा ठंड महसूस होगी। हवाएं चलेंगी जिस कारण से गलन भी होगी।
छठ व्रतियों को ऐसे मौसम में सावधान रहने की ज़रुरत है। इसमें थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। आसमान में बादल होने के कारण 20 नवंबर तक धूप में तेजी नहीं दिखेगी। इस बीच दो दिनों में झारखंड से सटे बिहार के जिलों में बूंदाबांदी होने का भी अनुमान लगाया जा रहा है।
21 नवंबर से गिरेगा पारा, बढ़ जाएगी ठंड
छठ पर्व के दौरान दो दिनों तक मौसम में नमी के कारण इसका असर 21 नवंबर से देखने को मिलेगा। 21 नवंबर से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। न्यूनतम तापमान गिरने से अधिकतम और न्यूनतम के बीच का अंतर कम होगा। इससे ठंड बढ़ जाएगी।
गंगा और पुनपुन के तटवर्ती इलाकों में होगा कोहरा
मौसम विभाग का कहना है कि गंगा और पुनपुन नदी के तटवर्ती इलाकों में अधिक कोहरा देखने को मिलेगा। अन्य क्षेत्रों में धुंध बना रहेगा। कोहरा के कारण सूर्य का दर्शन भी देर से होगा।