नालंदा जिले में महज 2 दिनों के भीतर तीन लोगों की हत्या हो चुकी है। सबसे बड़ी बात यह है कि तीनों हत्याओं में दो नई नवेली दुल्हन की हुई है।ताजा मामला बिंद थाना क्षेत्र इलाके के मदनचक गांव की है जहां नई नवेली दुल्हन सुलोचना कुमारी की दहेज की खातिर ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर मौत के घाट उतार दिया।
अभी तो हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि ससुराल वालों ने दुल्हन को मौत के घाट उतार दिया। शादी के महज पांच दिन बाद ही नालंदा में दहेज के लिए एक नई नवेली दुल्हन की ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना बिंद थाना क्षेत्र की है, जहां मदनचक गांव में 2 लाख रुपए के लिए एक दुल्हन की अर्थी उठी।
मृतका सुलोचना कुमारी की शादी मदनचक गांव के निवासी गजेंद्र यादव के साथ 29 नवंबर को धूमधाम से हुई थी। 30 दिसंबर को विदा होकर वह ससुराल आई थी। यहां दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था। दहेज में ससुराल वालों को 12 लाख रुपए दिए जाने थे जिसमें 10 लाख रुपए दिए जा चुके थे। 2 लाख रुपए और बाकी थे, जिसके लिए सुलोचना को काफी प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई रामप्रवेश ने बताया कि 10 लाख रुपए दहेज में दिए जा चुके थे लेकिन 2 लाख रुपए बाकी रह गए थे। इसके अलावा सोने की एक चेन भी दी जानी थी जिसके लिए ससुराल वालों ने मेरी बहन का गला दबाकर मार दिया। एक अन्य परिजन सुनीता देवी ने बताया कि ससुराल वाले और दहेज की मांग कर रहे थे। इसलिए तरह-तरह के बहाने बनाकर दुल्हन को प्रताड़ित कर रहे थे। अन्य परिजनों ने बताया कि विदाई के दिन दूल्हे ने भी दहेज के लिए दुल्हन को जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना के बाद ससुराल वाले फरार हैं। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बिंद थाना की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल गजेंद्र यादव और उसके पिता पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।