चोरी का आरोप महिला पर है तो महिला ही उसे मारे। भले गाइडलाइन पुरुष दें। बुधवार को छपरा के साहेबगंज में ऐसा ही सीन दिखा, जब पॉकेट से मोबाइल उड़ाने वाली महिला चोर के पास से 5 मोबाइल बरामद हुआ और इस अपराध के लिए उसकी पिटाई शुरू हुई। पुरुषों ने उसे घेरा और चोर की पिटाई के लिए महिला को खड़ा कर दिया। वह मारती रही। जब भी रुकी, पुरुषों ने आवाज लगाई- चप्पल से पीटो, और मारो, मारो…। हालांकि इसके बाद स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और महिला चोर को गिरफ्तार कर लिया। घटना नगर थाना क्षेत्र के साहेबगंज कचहरी के पास की है।
कचहरी की भीड़ में पॉकेट से मोबाइल निकालती पकड़ी गई
बुधवार को साहेबगंज कचहरी में काफी भीड़ थी। लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच एक व्यक्ति को लगा कि उसके पॉकेट पर किसी ने हाथ दिया है। अचानक से वह पीछे पलटा तो उसने देखा कि एक महिला उसका मोबाइल निकाल रही है। उसने महिला को धर लिया और लोगों के बीच में चोर-चोर चिल्लाने लगा। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। महिला चोर को लोगों ने खुद नहीं पीटा बल्कि एक अन्य महिला ने उसकी जमकर धुनाई करवाई।
पिछले एक साल में यहां 14 चोरी
चोरी के लिए यह इलाका मशहूर है। कोर्ट में भीड़ का फायदा उठाकर चोर यहां अपना हाथ साफ करते हैं। पिछले 1 साल में यहां 13-14 चोर पकड़े गए हैं। नगर थाना यहां से महज 100 कदम ही दूर है। बावजूद इसके ऐसे चोरों पर पुलिस नकेल कसने में नाकाम रही है। घटना की सूचना मिलते ही वहां नगर थाना पुलिस पहुंची और महिला चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि महिला पिछले डेढ़ साल से चोरी कर रही है। वह राह चलते लोगों के पॉकेट पर हाथ साफ कर लेती है और किसी को पता भी नहीं चलता है। फिलहाल पूछताछ जारी है।
