बीता हुआ साल ‘कोरोना पॉजिटिव’ के नाम रहा। अब लोगों को इंतजार है कि नया साल पॉजिटिव सोच के साथ हर ओर से आगे बढ़ेगा। नए साल का जश्न मनाने के लिए शाम से ही राजधानी के खास होटलों गार्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्रा एग्जॉटिका, पनाश, रिपब्लिक आदि में पटनाइट्स की इंट्री होने लगी। होटलों में नए साल को सेलिब्रेट करने की खास तैयारी दिखी। लाईट, साउंड और म्यूजिक के बीच लोगों का उत्साह देखते बना।
पटना के इन होटलों में मना जश्न
होटल गार्गी ग्रैंड के ‘जुमानजी नाइट’ में इंटरटेनमेंट नाइट सबसे खास रहा। यहां भोजपुरी सेलेब्रिटी सुभी शर्मा, अनारा गुप्ता और पूनम दूबे की इंट्री ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी। सिंगर सेलिब्रिटिज में प्रिया और दीपक चंद्रा उपाध्याय ने बॉलीवुड गानों पर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। ‘डीजे वाले बाबू मेरा गाना चला दो…,छोगाड़ा तारा… ओरे छबीला तारा…,जो आंख लड़ जावे, सारी रात नींद न आये’ आदि गानों पर लोगों ने डांस भी किया।
होटल पनाश के ‘होप टिल यू ड्रॉप – 2021’ में इंडियन आइडल फेम सिंगर रितिका राज ने बॉलीवुड गानों पर ऐसा जलवा बिखेरा कि लोगों की तालियां बजती रहीं। यहां का डेकोरेशन देखने लायक रहा। यहां आयोजित सिल्क रूट के खास आयोजन में लोगों ने गजल के साथ डिनर को एंज्वॉय किया।
होटल पाटलिपुत्रा एग्जॉटिका के ‘सुस्वागतम-2021’ के आयोजन में कोलकाता और लखनऊ के डांस ट्रुप ने ‘बम डिगी डिगी…, इक इक ठुमके पे…’ जैसे गानों से लोगों का मन जीत लिया। खास यह कि लोगों ने लखनवी मुजरे का भी खूब आनंद लिया। बच्चों ने मैजिक शो, टैटू आर्टिस्ट, सेल्फी जोन के साथ नए साल का स्वागत किया। कई बच्चों ने केक काटकर नए साल के खुशगवार होने की कामनी की।
गांधी मैदान के पास रिपब्लिक होटल में डीजे नाइट पार्टी का आयोजन हुआ। चर्चित गायिका रूपम रम्या के गीतों पर लोग झूमे। मिष्टी और वैभव ने अपने डांस परफारमेंस से साल की अंतिम शाम को यादगार बनाया। लोगों ने डांस, गाने के साथ लजीज व्यंजन का मजा लिया।
