मुंगेर जिले के शामपुर पुलिस ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच पिस्टल, 10 मैगजीन एवं चार कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार हथियार तस्कर तस्कर पिंटू बिंद गोबड्डा का रहने वाला है। पुलिस ने उसे सोमवार की शाम ललमटिया घोड़ाखूर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
डीएसपी संजय पांडे ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सोमवार की शाम सूचना मिली थी कि ललमटिया घोडाख़ूर के समीप हथियारों की डील होने वाली है। इस आधार पर शामपुर थानाध्यक्ष पप्पन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने पिंटू को घेरने का प्रयास किया, तो भागने लगा। पुलिस ने खदेड़कर पिंटू बिंद को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य भाग निकले। तलाशी के दौरान पिंटू के पास से हथियार, मैगजीन, गोली, मोबाईल बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर फरार दो अन्य सदस्यों की धरपकड़ के लिये छापेमारी की जा रही है। गोबड्डा के शंभू बिंद एवं विनोद बिंद को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पहले शामपुर पुलिस ने हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया था। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ से मिली जानकारी के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस को जैसे ही पिंटु बिंद के पास हथियार रहने की खबर मिली उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि गिरोह के मुख्य सरगना पंकज बिंद अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।