आरा के जगदीशपुर में एक युवक को पड़ोसियों ने घेरकर गोली मार दी। इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना पीलापुर गांव की है। 2 महीने पहले बाइक पर बैठने के लिए बच्चों का झगड़ा हुआ था, जिसका खुन्नस पड़ोसियों ने शुक्रवार को निकाला। मृतक की पहचान भगेलू यादव के पुत्र आशीष कुमार ऊर्फ भूलन (25 साल) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक पर बैठने के लिए हुआ था झगड़ा मृतक के पिता भगेलू यादव ने बताया कि 2 महीने पहले मनीष और भोलू के परिवार से विवाद हुआ था। बच्चे के बाइक पर बैठने के लिए दोनों घरों में झगड़ा शुरू हो गया था। बात-बात में ही विवाद बढ़ गया था। इसी खुन्नस को लेकर शुक्रवार को जब आशीष मवेशी का चारा लेकर घर लौट रहा था, तभी मनीष और भोलू ने घेरकर गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने जब देखा तो गंभीर रूप से घायल वह सड़क पर बेहोश था। इसके बाद परिजन आनन फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। आशीष घर पर ही रहकर पढ़ाई करता था।