औरंगाबाद में गुरुवार सुबह प्याज के खेत में राख डालने गए एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना दाउदनगर के सोना पुल के पास की है। दोपहर तक जब युवक घर नहीं पहुंचा तो पत्नी उसे ढूंढने के लिए खेत गई। वहां खून से लथपथ पति की लाश देखते ही वह बेहोश हो गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर लाश पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दाउदनगर के ठाकुर बिगहा गांव निवासी अरुण कुमार महतो (45) के रुप में की गई।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दाउदनगर SDPO राज कुमार तिवारी ने युवक की धारदार हथियार से की गई है। जांच के दौरान जानकारी मिली है कि युवक का स्थानीय लोगों से ही विवाद चल रहा था। इस मामले में परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों के अनुसार अरुण सुबह-सुबह ही प्याज के खेत में राख डालने चला गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने कुदाल से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सुबह घना कोहरा था। अपराधियों ने कोहरे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करे।