भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के बंगौटी गांव के समीप शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक कपड़ा कारोबारी को गोली मार दी। जख्मी हालत में उसे इलाज के लिए आरा शहर में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जख्मी युवक सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के बागर गांव का रहनेवाला है।
ऑपरेशन के बाद हालत स्थिर
जख्मी विनायक राय ने बताया कि वह आरा से अपनी पत्नी के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। इसी बीच बंगौटी गांव के समीप दो हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बाइक को रोका और उन्हें गोली मार दी। युवक को गोली पेट में लगी थी। गोली निकालने वाले डॉक्टर विकास सिंह ने बताया कि पेट में गोली लगने के बाद उसकी स्थिति काफी नाजुक थी। इसके बाद ऑपरेशन करके गोली निकाल दी गई है। अब मरीज की हालत स्टेबल है, लेकिन अभी 72 घंटों तक उसे ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।
50 हजार मांगी गई थी रंगदारी
जख्मी विनायक राय ने गोली मारने वाले बदमाश का नाम उपेंद्र बताया है। उन्होंने बताया कि 4 दिन पहले ही उनके मॉल पर आरोपी आया था और रंगदारी की मांग की थी। उसने कहा था कि अगर यहां कारोबार करना है तो रंगदारी देनी होगी। इसके बाद उसने जख्मी कपड़ा कारोबारी से 50 हजार रुपये देने की मांग की थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पूरे मामले की छानबीन कर रही है।