राज्यपाल ने ‘72वें गणतंत्र दिवस’ के सुअवसर पर सभी बिहारवासियों को शुभकामनाएँ एवं बधाई देते हुए कहा है कि भारत एक गौरवशाली सम्प्रभुतासम्पन्न लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में सतत प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा है कि भारतीय संविधान के माध्यम से राष्ट्र के सभी नागरिकों के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय तथा विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित हुई है, जिसकी बदौलत राष्ट्रीय एकता, अखंडता, शांति और सामाजिक सद्भावना सुदृढ़ हुई है। राज्यपाल ने ‘गणतंत्र दिवस’ के अवसर पर स्वतंत्रता-संग्राम के अमर शहीदों और सेनानियों का भी सादर स्मरण किया है।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया है कि बिहार भाईचारा, प्रेम और पारस्परिक सहयोग के वातावरण में न्याय के साथ विकास के पथ पर निरन्तर आगे बढ़ता रहेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यवासियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी हंै। उन्होंने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को नमन किया और कहा कि उनकी कुर्बानियों को भुलाया नहीं जा सकता है। उनकी कुर्बानी का ही परिणाम है कि आज हम सब आजाद हैं। हम सबको अपनी आजादी, एकता एवं अखण्डता को अक्षुण्ण रखने का आज संकल्प लेना है। राज्य में आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं शान्ति बनाये रखना है। शान्ति और सद्भाव में ही समृद्धि और प्रगति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सब पुनः स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों को याद करते हैं, उन्हें शत्-शत् नमन करते हैं और यह प्रण करते हैं कि हर कीमत पर देश की आजादी, एकता एवं अखण्डता को बनाये रखेंगे। हम सब मिलकर राज्य एवं देश के गौरव को बढ़ायेंगे।