पूरी दुनिया महिलाओं के सम्मान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रही थी। बेटियों के सम्मान और उनकी सुरक्षा की बातें कही जा रही थीं, लेकिन नालंदा के राजगीर में बदमाशों ने एक लड़की को पहले अगवा किया फिर उसे बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक दिया। बदमाशों ने सोमवार के दिन में लड़की को स्कॉर्पियो में बैठाने के बाद इंजेक्शन दिया था, इसी कारण वह बेहोश हो गई थी। मंगलवार सुबह को पुलिस ने सड़क किनारे से लड़की को बरामद किया। बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने लड़की के पास से मिले कागजात के आधार पर परिजनों को मामले की जानकारी दी। लड़की चण्डी थाना इलाके की रहने वाली है। उसकी उम्र 18 है। पुलिस के अनुसार पुलिस के डर से बदमाश किशोरी को सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। बदमाशों की तलाश चल रही है। लड़की से मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। लड़की का मेडिकल करवाया जा रहा है। हालांकि, लड़की ने रेप की घटना से इनकार किया है।
परिजनों के अनुसार सोमवार को दिन में करीब 10 बजे वह सिलाई सेंटर के लिए घर से निकली थी। इसी बीच रास्ते में पूर्व से घात लगाए स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसके मुंह को बंद करते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उसे नशे का इंजेक्शन दे दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। जब वह बेहोश हो गई तो बदमाशों ने उसे सड़क किनारे फेंक दिया। परिजनों का कहना है पुलिस बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।