देश में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 24 घंटे में 56 हजार से अधिक लोग करोना संक्रमित पाए गए तो 271 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, इनमें से अधिकतर केस देश के कुछ राज्यों से ही आए हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव जिन 10 जिलों में हैं उनमें से 8 महाराष्ट्र से हैं। कोरोना के गढ़ बन रहे इन जिलों में दिल्ली और बेंगुलुरु अर्बन भी शामिल है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी कहा कि कोविड-19 संबंधी स्थिति हाल के दिनों में बद से बदतर हुई है, यह बड़ी चिंता का कारण है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को बताया कि देश के 10 जिलों में सर्वाधिक कोरोना के एक्टिव केस हैं। इनमें पुणे, मुंबई, नागपुर, ठाणे, नाशिक, औरंगाबाद, बेंगलुरु अर्बन, नांदेड़, दिल्ली और अहमदनगर शामिल हैं। केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली को यहां जिले के रूप में शामिल किया गया है। पुणे में 58,475 एक्टिव केस हैं, तो मुंबई में 46,248, नागपुर में 45,322, ठाणे में 35,264, नाशिक में 26,553, औरंगाबाद में 21,282, बेंगलुरु अर्बन में 16,259, नांदेड़ में 15,171, दिल्ली में 8,032, अहमदनगर में 7,952 मरीजों का इलाज जारी है।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल ने कहा कि भले ही कुछ ही जिलों में अभी गंभीर स्थिति है, लेकिन पूरे देश में संभावित जोखिम है। वायरस को रोकने और जिंदगियां बचाने के लिए सभी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि देश में साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट का औसत 5.65 फीसदी है, जबकि महाराष्ट्र में साप्ताहिक औरत 23%, पंजाब में 8.82%, छत्तीसगढ़ में 8 फीसदी, मध्य प्रदेश में 7.82 फीसदी, तमिलनाडु में 2.04 फीसदी, कर्नाटक में 2.45 फीसदी, गुजरात में 2.2 फीसदी और दिल्ली में 2.04 फीसदी है। भूषण ने कहा, ”हमने इन राज्यों के प्रतिनिधियों से बात की है। उनसे कहा है कि केस बढ़ने पर वे टेस्टिंग क्यों नहीं बढ़ा रहे हैं। टेस्टिंग बढ़ाना जरूरी है और फोकस आरटी-पीसीआर पर हो। अधिक सघन आबादी वाले इलाकों में स्क्रीनिंग के लिए रेपिड एंटीजन टेस्ट का इस्तेमाल हो।”
भारत में पिछले 24 घंटे में 56,211 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही देश में कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,20,95,855 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह 8 बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक 271 और मरीजों की संक्रमण से मौत हुई है। इसी के साथ देश में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 1,62,114 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक कोविड-19 से 1,62,114 मरीजों की जान गई है जिनमें महाराष्ट्र के 54,283, तमिलनाडु के 12,684, कर्नाटक के 12,520, दिल्ली के 11,012, पश्चिम बंगाल के 10,325, उत्तर प्रदेश के 8,790,आंध्र प्रदेश के 7,210 और पंजाब के 6,749 मृतक शामिल हैं।