लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। किसान को करीब चार से पांच गोलियां मारी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई है। हालांकि हत्या का कोई ठोस कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस मृतक का शव बरामद करने घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि हलसी थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी किसान स्व रामचंद्र यादव के पुत्र सुरेंद्र यादव अपनी पत्नी के साथ अपने ही खेत में अरहर की रोपनी के लिए गए थे।
सुरेंद्र की पत्नी रोपनी कर रही थी तो वही सुरेंद्र खुद दंतमन बना रहा था। इसी बीच 5 की संख्या में आए अपराधियों ने पहले तो सुरेंद्र से शराब की व्यवस्था करने की बात कही। जब सुरेंद्र ने खुद के नशा न करने की बात कही तो बदमाशों ने धमकी देना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक के भांजे ने 2 साल पूर्व हलसी थाना क्षेत्र के ही एक गांव की लड़की से प्रेम विवाह कर लिया था। लड़की के परिजन पर ही हत्या के आरोप लग रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हत्या करने के दौरान सुरेंद्र को यह भी धमकी दी गई कि उनकी बेटी को वापस सौंप दिया जाए। जब सुरेंद्र ने कहा कि शादी उनके भांजे ने की है, तो हमे क्या मालूम? इस पर बदमाशों ने सुरेंद्र को पांच गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम 5:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पत्नी ने बताया कि उन्होंने तीन लोगों की पहचान कर ली है। वे तीनों लड़की के परिवार के ही सदस्य बताए जा रहे हैं। इधर पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।