बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि जातीय जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलेगा। इसमें भाजपा भी शामिल होगी। जातीय जनगणना कराने के लिए विधानमंडल से सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया है। प्रस्ताव पारित कराने में भाजपा का भी सहयोग रहा। भाजपा कैसे इस मांग का विरोध कर सकती है।
भागलपुर में बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर पर होता है। इसकी एक प्रक्रिया होती है। राष्ट्रीय परिपेक्ष्य में इस पर निर्णय लेना है। पीएम से मिलकर बिहार विधान मंडल से पारित प्रस्ताव की जानकारी दी जाएगी। यह पक्ष और विपक्ष की बात नहीं है।
शिविरों में नहीं आने वालों को घर पहुंचाएं सूखा राशन: डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि राहत शिविरों में बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है। शिविरों में नहीं आने वालों को घर तक सूखा राशन पहुंचाया जाएगा। भागलपुर में बड़ी संख्या में सामुदायिक किचन शुरू किये गये हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ शिविरों में बोरिंग खराब होने की शिकायत मिली है। डीएम को तत्काल उसकी व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। शिविरों में लड़की पैदा लेने पर 15 हजार और लड़का होने पर 10 हजार रुपये दिये जा रहे हैं। जिले में अब तक सात महिलाओं ने शिविरों में बच्चे को जन्म दिया है। राहत शिविरों में कोरोना जांच करायी जा रही है। राहत की बात यह कि जिले के शिविरों में अब तक एक भी कोरोना पोजिटिव नहीं निकला है। पानी कम होने के बाद स्वास्थ्य विभाग को चौकस रहना होगा। दुर्गंध से महामारी की आशंका रहती है। ब्लीचिंग का नियमित रूप से छिड़काव करने को कहा गया है। राहत शिविरों में आंगनबाड़ी केन्द्रों की गतिविधियां शुरू करने का निर्देश दिया गया है ताकि वहां रह रहे बच्चों को लाभ मिल सके।
एक सवाल पर मंत्री ने कहा कि अस्पतालों में जल्द ऑक्सीजन प्लांट तैयार कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर बिहार के किसी व्यक्ति की कोरोना से इलाज के दौरान दूसरे राज्यों में मौत हुई है। उन्हें चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान की राशि दी जाएगी। मृतकों का आंकड़ा तैयार कर राशि का भुगतान किया जा रहा है। बाढ़ से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। फसल नुकसान का सर्वे कृषि विभाग द्वारा किया जा रहा है। सर्वे के बाद फसल क्षति का मुआवजा दिया जाएगा।
दूसरा डंपिंग ग्राउंड जल्द
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भागलपुर में दूसरा डंपिंग ग्राउंड जल्द तैयार किया जाएगा। वर्तमान में कनकैथी में डंपिंग ग्राउंड बना है। स्मार्ट सिटी के तहत काम तेजी से किया जा रहा है। भागलपुर में भी एक बड़ा बस पड़ाव बनाया जाएगा। इसके लिए जगह का चयन कर लिया गया है। जल्द ही राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।